भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इन तीनों ही दिन हवाई सर्वेक्षण करने के बाद अब वे होशंगाबाद जिले के बाबई पहुंचे, जहां सेना की बोट में बैठकर वे बाढ़ की विभिषिका देख रहे हैं। इस दौरान वे बाढ़ पीड़ितों से मिलने भी गए और उन्होंने ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले के साथ ही होशंगाबाद के दौरे पर हैं। नर्मदा में आई बाढ़ के कारण 400 से अधिक गांव बाढ़ से घिरे हुए हैं। चौहान सोमवार को होशंगाबाद के बाबई क्षेत्र भी गए जहां कई गांव बाढ़ से घिरे हुए हैं।
खाने के पैकेट बंटवाए
मुख्यमंत्री चौहान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और उन्होंने खाने के पैकेट ग्रामीणों में बंटवाए। मुख्यमंत्री के साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीतासरण शर्मा भी थे।
रेस्क्यू टीम का किया धन्यवाद
मुख्यमंत्री चौहान ने सीहोर और होशगाबाद जाने से पहले एयरफोर्स, आर्मी और रेस्क्यू टीम के जवानों को बधाई दी। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की सराहना की। इन जवानों ने अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए लोगों की जान बचाई। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री और कृषि मंत्री को भी बाढ़ प्रभावित इलाको की जानकारी दी है। चौहान ने कहा कि अधिकारियों के बेहतर काम के कारण लोगों की जान का नुकसान नहीं हुआ है। अब हमारे सामने राहत सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीमारियां भी बढ़ने के आसार हैं। इससे बचाव के लिए अभियान चलाया जाएगा। संपत्ति और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं। बाढ़ राहत के लिए मंत्रियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। गौरतलब है कि बाढ़ में सबसे ज्यादा होशंगाबाद, सीहोर और रायसेन जिले प्रभावित हुए हैं।
कांग्रेस ने कहा हवाई सर्वे पर्यटन
इधर, तीन दिनों से मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा ले रहे हैं। वहीं इस पर अब सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने चौहान के इस दौरे को पर्यटन बताया है। कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी नियंत्रण कर रहे हैं या पर्यटन कर रहे हैं, पहले आप जनता को यह बाताइए। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तैयारी करनी थी तब क्या सरकार सो रही थी। उस वक्त लोगों को रेस्क्यू कर लिया जाता, गांवों को खाली करवा विया जाता, तो आज यह स्थिति नहीं बनती।
भाजपा ने किया पलटवार
कांग्रेस के इन आरकोपों पर भाजपा के प्रवक्ता राहुल कोठारी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को ऐसे समय राजनीति नजर आ सकती है, लेकिन मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से जनता वाकिफ है। कोठारी ने कहा कि कांग्रेस की 15 माह की सरकार में मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ एसी कमरों से बाहर नहीं निकले थे, कभी किसानों के खेत में नहीं उतरे। कमलनाथ जी ने सीएम रहते प्रदेश के एक चौथाई जिलों का भी दौरा नहीं किया।