रायपुर . विभागाध्यक्ष कार्यालय इंद्रावती भवन के एक और कर्मचारी की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हो गई। अब तक यह तीसरी मौत है। इसे लेकर वहां कार्यरत कर्मचारियों में आक्रोश और नाराजगी है। कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चा ने 14 दिन के लिए इंद्रावती भवन को बंद रखने की मांग की है। इसे लेकर कर्मचारी बुधवार को प्रदर्शन करेंगे।
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि संयुक्त मोर्चा बुधवार को दोपहर 1 बजे इंद्रावती भवन में जंगी प्रदर्शन करने जोरदार तैयारी की है।
इसके समर्थन में प्रदेशभर के कई कर्मचारी संगठन सामने आ गए है। मंगलवार को दिनभर सोशल मीडिया में इंद्रावती को लेकर आम लोग प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। सरकार ने आनन-फानन में इंद्रावती भवन की समस्याओं के निराकरण के लिए डॉ. सीआर प्रसन्ना को नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए। इसके बाद भी मोर्चा के पदाधिकारी इस समस्या को लेकर आरपार की लड़ाई के मूड में है।
संयुक्त मोर्चा की राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष कमल वर्मा, छत्तीसगढ़ विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ.जितेंद्र सिंह ठाकुर आदि नेताओं ने कहा, मोर्चा के पदाधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का कमान भी अपने हाथ में ले लिया है। मंत्रालय की भांति इंद्रावती भवन में भी आने वाले समय में सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिलेगा।
एक चौथाई की ड्यूटी लगाने की मांग
मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने संचालनालय की तरह ही मंत्रालय में अधिकारियों-कर्मचारियों की भी एक चौथाई ड्यूटी लगाने की मांग की है। संघ का कहना है कि मंत्रालय में मार्च के महीने से ही प्रथम व द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को रोज मंत्रालय बुलाकर काम किया जा रहा है। जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय सहित मंत्रालय के अनेक विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को कोरोना पॉजिटिव आने से दहशत है।
कल जांच शिविर
लंबे समय की मांग के बाद मंत्रालय मैं भी 3 सितंबर को स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। इसमें अधिकारियों व कर्मचारियों की कोरोना जांच होगी।